भैसोदामंडी (जगदीश पोरवाल)। आमतौर पर आपने दुकानों के बाहर ‘धमाका सेल’ या ‘50% से 90% तक की छूट’ के विज्ञापन जूते-चप्पल, रेडीमेड कपड़ों या कॉस्मेटिक सामानों के लिए देखे होंगे। लेकिन बदलते समय के साथ अब बिजली विभाग भी इसी राह पर चल पड़ा है। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बकाया बिलों की वसूली के लिए एक ऐसा ही लुभावना ऑफर निकाला है, जिसे देख उपभोक्ता भी हैरान हैं।
विज्ञापन के जरिए वसूली की नौबत
हैरानी की बात यह है कि सरकार की ‘100 यूनिट बिजली’ जैसी राहत योजनाओं के बावजूद विभाग को करोड़ों रुपये की बकाया राशि वसूलने के लिए विज्ञापनों का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थिति यह हो गई है कि अब बिजली विभाग किसी कमर्शियल ब्रांड की तरह ‘समाधान योजना’ के तहत भारी डिस्काउंट का लालच दे रहा है।
क्या है विभाग का ‘डिस्काउंट कार्ड’?
विद्युत विभाग द्वारा जारी विज्ञापनों के अनुसार, उपभोक्ताओं को सरचार्ज (अधिभार) में भारी छूट दी जा रही है:
- एकमुश्त भुगतान पर: यदि कोई उपभोक्ता 3 महीने या उससे अधिक का बिल एक साथ जमा करता है, तो उसे सरचार्ज में 70% से 90% तक की माफी मिलेगी।
- किश्तों में भुगतान पर: यदि कोई किश्तों का विकल्प चुनता है, तो पहली किश्त जमा करने पर 50% से 60% तक सरचार्ज माफ किया जाएगा।

15 मई तक का है मौका
विभाग ने इस ‘ऑफर’ का लाभ उठाने के लिए 15 मई 2026 की अंतिम तिथि निर्धारित की है। उपभोक्ता नजदीकी वितरण केंद्र, जोन ऑफिस या विभाग की वेबसाइट mpwz.co.in के माध्यम से अपना बकाया चुका सकते हैं।
बंपर सेल से कितने बकाया राशि आती है
विद्युत विभाग का यह कदम चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग चुटकी ले रहे हैं कि जो बिजली कभी मूलभूत सुविधा हुआ करती थी, अब वह भी बाज़ार के ‘डिस्काउंट और सेल’ वाले फॉर्मूले पर आ गई है। अब देखना यह है कि इस ‘बंपर सेल’ से विभाग के खजाने में कितनी बकाया राशि जमा होती है।

