युवाओं को मिलेगा रोजगार का सुनहरा अवसर: 13 अप्रैल को आईटीआई में लगेगा अप्रेंटिसशिप मेला

झालावाड़, 09 अप्रैल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) झालावाड़ में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 13 अप्रैल 2026 को पीएम नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक किया जाएगा।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के उप निदेशक ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान कर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ कार्य अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को मेले में भाग लेने हेतु अपने साथ बायोडाटा की तीन प्रतियां, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, दसवीं की अंकतालिका, आईटीआई उत्तीर्ण की अंकतालिका एवं प्रमाण पत्र की छायाप्रति अनिवार्य रूप से लानी होगी।

मेले के दौरान अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट पंजीयन कर अप्रेंटिसशिप हेतु नियोजन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

उप निदेशक ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगारोन्मुखी अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
——0——

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!