झालावाड़, 08 अप्रैल। ( जगदीश पोरवाल )जिले में बालश्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मासूम” के तहत पुलिस एवं संबंधित विभागों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बालक को बालश्रम से मुक्त कराया है। इस दौरान संबंधित रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में बालश्रम उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मानव तस्करी विरोधी यूनिट, थाना रायपुर पुलिस एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान सहायक उप निरीक्षक शाहिद खान, बाल कल्याण अधिकारी बालचन्द तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के कॉर्डिनेटर सुनील पाटीदार की टीम ने थाना रायपुर क्षेत्र स्थित “जय मातादी रेस्टोरेंट” पर निरीक्षण किया। यहाँ एक बालक को काम करते हुए पाया गया, जिसे तुरंत रेस्क्यू कर बालश्रम से मुक्त कराया गया।
मुक्त कराए गए बालक को बाल कल्याण समिति, झालावाड़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर पुनर्वासित किया गया।
इस मामले में रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ बालश्रम अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मानव तस्करी विरोधी यूनिट द्वारा बालकों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
