झालावाड़, 08 अप्रैल। रबी विपणन सीजन 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर कृषि उपज की खरीद को पारदर्शी, सुचारू और किसान हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को मिनी सचिवालय सभागार में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खरीद व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिन स्थानों पर अब तक खरीद केन्द्र शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी एजेंसियों को निर्देशित किया कि खरीद केन्द्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी जिंस को उचित तरीके से ढककर रखा जाए, जिससे मौसम या अन्य कारणों से नुकसान न हो।
ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग होगी अनिवार्य
बैठक में बताया गया कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए 06 अप्रैल से 31 मई 2026 तक ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग करना अनिवार्य होगा। इससे खरीद केंद्रों पर भीड़ नियंत्रण और व्यवस्थित प्रक्रिया सुनिश्चित होगी।
किसानों को राहत देते हुए यह भी प्रावधान किया गया है कि यदि कोई किसान अपनी तय तिथि पर नहीं पहुंच पाता है, तो वह उसी सप्ताह या अगले सप्ताह किसी भी कार्य दिवस पर दोपहर 3 बजे के बाद अपनी उपज बेच सकेगा।
पारदर्शिता और निगरानी पर जोर
जिला कलेक्टर ने रसद विभाग को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने खरीद एजेंसियों और मंडी समितियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
किसानों को जागरूक करने के निर्देश
बैठक में किसानों को समर्थन मूल्य, खरीद प्रक्रिया और स्लॉट बुकिंग की जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ उठा सकें।
विशेष प्रावधान
सह-खातेदारों के लिए जनाधार व ओटीपी सत्यापन व्यवस्था
वृद्ध या असमर्थ किसानों के लिए नामित व्यक्ति के माध्यम से विक्रय की सुविधा
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, जिला रसद अधिकारी जितेन्द्र कुमार, उप रजिस्ट्रार सहकारिता अवतार सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों और खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
