गंदगी से मच्छरों का प्रकोप, नालियां जाम, कचरा ढेर—प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल”

जावरा | बंसीलाल पोरवाल
जावरा शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर वार्ड क्रमांक 26 के पार्षद तेजसिंह उर्फ कालू कदम ने नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही उजागर की गई है।

पार्षद ने बताया कि शहर में नालियां लंबे समय से जाम पड़ी हैं और लगभग 15 दिनों से उनकी सफाई नहीं की गई है। वहीं कई स्थानों पर कचरा कई दिनों तक जमा रहता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और शहर की स्वच्छता पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले करीब 6 महीनों से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं किया गया है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बावजूद इसके संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ज्ञापन में यह भी सामने आया कि नगर पालिका की स्वास्थ्य समिति की बैठकें भी नियमित रूप से आयोजित नहीं की जा रही हैं, जबकि नियमों के अनुसार हर माह बैठक होना अनिवार्य है, ताकि सफाई संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।

पार्षद तेजसिंह कदम ने प्रशासन से मांग की है कि सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, नियमित कचरा उठान और नालियों की सफाई सुनिश्चित हो तथा कीटनाशक दवाओं का छिड़काव शुरू किया जाए, जिससे शहरवासियों को राहत मिल सके और जावरा को स्वच्छ बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!