नकली दूध के खिलाफ पोस्ट करना पड़ा भारी, युवक से मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी


भवानीमंडी। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के गांधी सागर थाना क्षेत्र में नकली दूध के खिलाफ सोशल मीडिया पर आवाज उठाना एक युवक को भारी पड़ गया। रविवार शाम इस मामले में मारपीट और धमकी का गंभीर मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी दीप सिंह सोलंकी गैस की टंकी लेने गए थे। इसी दौरान वहां देवा गुर्जर (पिता प्रभुलाल गुर्जर) पहुंचा और अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने युवक से सवाल किया कि उसने नकली दूध को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किसके कहने पर डाली है।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने दीप सिंह के साथ हाथापाई करते हुए मारपीट कर दी। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि यदि भविष्य में दूध से संबंधित कोई पोस्ट की गई तो जान से मार दिया जाएगा।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल गांधी सागर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, गांधी सागर क्षेत्र में नकली दूध का कारोबार सक्रिय है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह की गतिविधियों को उजागर करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इस घटना से यह भी साफ है कि ऐसे प्रयासों में जोखिम भी बना हुआ है।

यह मामला क्षेत्र में नकली दूध माफिया की सक्रियता को उजागर करता है। एक ओर जहां आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है, वहीं जागरूक नागरिकों को धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!