सघन निरीक्षण के निर्देश: सभी राजकीय कार्यालयों की सुरक्षा व व्यवस्थाओं की होगी जांच


झालावाड़, 6 अप्रैल। ( जगदीश पोरवाल ) जिले में आमजन को बेहतर, सुरक्षित और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए।

कार्यालय भवनों के रखरखाव पर सख्ती

जिला कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय भवनों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवनों की छतों पर जलभराव, गंदगी, दीवारों पर उगने वाले पौधों तथा जर्जर स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही इन सभी बिंदुओं पर एनओसी तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया।

खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया व अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

फ्लैगशिप योजनाओं में तेजी, रैंकिंग सुधारने पर फोकस
बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश स्तर की रैंकिंग में सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में जिला पिछड़ रहा है, उनमें प्राथमिकता से कार्य कर लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग और बाधाओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
बजट घोषणाओं व निर्माण कार्यों की कड़ी निगरानी
जिला कलेक्टर ने बजट घोषणाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान गुणवत्ता और तय समयसीमा का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।

गर्मी को देखते हुए पेयजल, चिकित्सा व बिजली पर विशेष फोकस1

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को गर्मीजनित बीमारियों की रोकथाम और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
वहीं बिजली विभाग को अंधड़-तूफान के दौरान होने वाली बिजली कटौती की स्थिति में त्वरित सुधार कर आमजन को राहत देने को कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, उप वन संरक्षक सागर पंवार, जिला परिषद सीईओ शंभु दयाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

  1. ↩︎

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!