जावरा ( बंसीलाल पोरवाल )
रतलाम पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोल्ट्री फार्म की आड़ में संचालित हो रही करोड़ों रुपये की सिंथेटिक ड्रग (MD/MDMA) फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना जमशेद लाला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला पिपलोदा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा का है, जहां यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सलीम खान के पोल्ट्री फार्म में नशीले पदार्थों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के नेतृत्व में साइबर सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम गठित कर दबिश दी गई।
पुलिस के पहुंचते ही फार्म पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वहां से 200 ग्राम तैयार MD ड्रग (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) बरामद की गई। साथ ही 900 ग्राम 2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपियोफेनोन, 140.48 किलो MDC केमिकल और 35.600 किलो HCL सहित भारी मात्रा में केमिकल जब्त किए गए। इसके अलावा गैस सिलेंडर, भट्टी, ड्रायर मशीन, मिक्सर और अन्य उपकरण भी मिले, जिनसे ड्रग्स तैयार की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना जमशेद खान उर्फ सेठ (जमशेद लाला) निवासी देवल्दी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) शामिल है, जो ड्रग निर्माण में माहिर बताया जा रहा है। इसके अलावा रईस खान निवासी राकोदा, यूसुफ खान निवासी बोरखेड़ा और सलीम उर्फ राजू निवासी बन्नाखेड़ा को भी गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि जमशेद लाला का नेटवर्क मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात तक फैला हुआ है। ड्रग्स बनाने के लिए रसायनों की सप्लाई प्रतापगढ़ के अरबाज और संकरिया द्वारा की जा रही थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि दबिश से एक दिन पहले ही गिरोह ने 3 किलो MD ड्रग की खेप सप्लाई की थी।
इस कार्रवाई में पिपलोदा थाना के आरक्षक बालकृष्ण चंदेल की अहम भूमिका रही, जिन्होंने पहले से ही गुप्त जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उनके सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन और पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पिपलोदा में अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/22 में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और ड्रग सप्लाई चेन को तोड़ने में जुटी हुई है।

।
