गोठड़ा माताजी की भविष्यवाणी: युद्ध के बादल और मौसम की चुनौती के बीच किसानों के लिए सुनहरे संकेत

जावरा (बंशीलाल पोरवाल)। चैत्र नवमी के पावन पर्व पर रतलाम जिले के ग्राम गोठड़ा में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मलेनी नदी के पावन तट पर स्थित श्री महिषासुर मर्दिनी माताजी मंदिर में ईष्ट पंडा नागूलाल चौधरी ने अपनी पारंपरिक भविष्यवाणी की। इस वार्षिक भविष्यवाण में युद्ध, वैश्विक अर्थव्यवस्था, मौसम और कृषि को लेकर कई महत्वपूर्ण संकेत दिए गए हैं।

वैश्विक अस्थिरता और निवेश पर असर

​पंडाजी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि आने वाले समय में युद्ध की विभीषिका और बढ़ सकती है, जिससे पूरी दुनिया में अस्थिरता का माहौल रहेगा। इसका सीधा असर बाजार पर दिखेगा। उन्होंने बताया कि सोना-चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव रहेगा, इसलिए निवेशकों को बहुत संभलकर चलने की आवश्यकता है।

मौसम का मिजाज: आंधी, तूफान और खंड वर्षा

​इस वर्ष प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। भविष्यवाणी के अनुसार:

  • अग्नि और तूफान: अग्निभय के साथ-साथ तेज आंधी-तूफान का प्रकोप रहेगा।
  • मानसून: वैशाख माह के मध्य में वर्षा के संकेत हैं। सावन के पहले पखवाड़े में ‘खंड वर्षा’ (टुकड़ों में बारिश) होगी, जबकि अंतिम 15 दिनों में मूसलाधार बारिश के योग हैं।
  • प्राकृतिक आपदा: माघ और पौष माह में भूकंप की आशंका जताई गई है, वहीं अगहन से माघ के बीच ओलावृष्टि भी हो सकती है।

किसानों के लिए खुशखबरी और सावधानी

​खेती-किसानी को लेकर पंडाजी ने राहत और चेतावनी दोनों दी हैं:

​”गेहूं, सोयाबीन और लहसुन के भाव ऊंचे रहेंगे और पैदावार भी अच्छी होगी।”

​हालांकि, किसानों को जेठ माह के ‘डूमड़ा’ से सावधान रहने को कहा गया है। यदि किसान जल्दबाजी में बोवनी करते हैं, तो उन्हें दोबारा बोवनी (दोवणी) का कष्ट उठाना पड़ सकता है। सफल फसल के लिए आषाढ़ और सावन के शुरुआती तीन मुहूर्तों को सर्वश्रेष्ठ बताया गया है।

सामाजिक और राजनीतिक संकेत

  • राजनीति: पंडाजी ने संकेत दिया कि राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल होगी और कोई बड़ी घटना (बम) सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आ सकती है।
  • समाज: कलयुग के प्रभाव से जाति-भेद कम होगा और अंतरजातीय विवाह बढ़ेंगे, लेकिन साथ ही पारिवारिक रिश्तों में बिखराव भी देखने को मिलेगा।
  • स्वास्थ्य: कुवार, कार्तिक और वैशाख के दौरान बीमारियों का प्रकोप बढ़ सकता है, जिससे बचाव के लिए धार्मिक अनुष्ठान और स्वच्छता पर जोर दिया गया है।

​भविष्यवाणी से पूर्व मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन और महाआरती हुई। इसके पश्चात हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य चल समारोह के साथ ज्वारा विसर्जन संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!