भवानीमंडी, 28 फरवरी।
अर्हम ग्रुप भवानीमंडी द्वारा शनिवार को मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकारों को समर्पित एक प्रेरक आयोजन श्री राधेश्याम संस्कृत पाठशाला शांति तिराहे पर किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान शिविर एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान के तहत कुल 33 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, वहीं 7 मोतियाबिंद मरीजों का ऑपरेशन हेतु चयन कर उन्हें सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया।
ग्रुप के मुख्य सदस्य आयुष नाहर एवं यश जैन ने बताया कि अर्हम ग्रुप समय-समय पर जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराना तथा महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में डॉ. जे.के. अरोड़ा सा., के.के. राठी, प्रदीप जैन (मंडल अध्यक्ष), संजय जाजू, हिमांशु चतुर्वेदी, अरुण गर्ग, प्रीतेश जाजू एवं नवीन जैन आदि उपस्थित रहे।
चिकित्सा सेवाओं में डॉ. गौरव जैन, डॉ. निलेश गुप्ता, डॉ. लोकेश गुर्जर एवं डॉ. नवीन नगर की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर मरीजों को आवश्यक परामर्श प्रदान किया तथा चयनित मरीजों की सर्जरी प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सके। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया गया।
