भवानीमंडी। ( कैलाश जैन एडवोकेट )शहर के सबसे व्यस्त गर्ल्स स्कूल चौराहे की बदहाल सड़क आखिरकार मरम्मत की राह पर आ गई। लंबे समय से गड्ढों और टूट-फूट के कारण हादसों का कारण बन रही इस सड़क को लेकर अधिवक्ता कैलाश जैन लगातार सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से आवाज उठा रहे थे।
गर्ल्स स्कूल चौराहा शहर का प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट है। यहां से एक मार्ग बालाजी चौराहे से आरएसईबी रोड की और व दूसरा नई सब्जी मंडी से नजाकत मंजिल की ओर जाता है। भारी यातायात के दबाव के बीच बीच सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे थे। स्थानीय लोगों में भी किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई थी।
कैलाश जैन ने चेयरमैन, पार्षदों और अधिशासी अधिकारी तक को कई बार सड़क की मरम्मत के लिए निवेदन किया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा कि यदि जनप्रतिनिधि जनता का “ध्यान” नहीं रखेंगे तो जनता भी समय आने पर उनका “ध्यान” नहीं रखेगी।

एसडीएम के नपा का चार्ज संभालने के बाद हुआ चौराहे की सड़क मरम्मत का कार्य
इसी महीने 6 तारीख को नगर पालिका बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो गया। इसके बाद प्रशासक श्रद्धा गोमे ने कार्यभार संभाला और करीब 20 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया। जैन ने प्रशासक का आभार जताते हुए कहा कि जो काम चुने हुए नुमाइंदे नहीं कर सके, वह प्रशासक ने कम समय में करवा दिया।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मरम्मत कार्य की गुणवत्ता का आकलन समय के साथ होगा। साथ ही सुझाव दिया कि काम ट्रैफिक रोककर या रात के समय किया जाता तो अधिक व्यवस्थित रहता।
फिलहाल, लंबे इंतजार के बाद सड़क की मरम्मत शुरू होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। अब नजरें इस बात पर हैं कि यह मरम्मत कितनी टिकाऊ साबित होती है और शहर की अन्य जर्जर सड़कों की ओर कब ध्यान दिया जाता है।
