ह
भवानीमंडी। होली पर्व से ठीक पहले प्रशासन ने मिलावटखोरों पर कड़ा प्रहार करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस के संयुक्त दल ने सोमवार को भवानीमंडी क्षेत्र की तीन डेयरी यूनिट्स पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो डेयरियों से दूध के नमूने लिए गए, जबकि एक डेयरी में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
दो डेयरियों से लिए दूध के नमूने
अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मो. साजिद खान ने बताया कि वृत्ताधिकारी प्रेम कुमार चौधरी के निर्देशन में ग्राम मोगरा स्थित किसान डेयरी और सरोद स्थित श्रीराम डेयरी की जांच की गई। यहां से मिक्स दूध के नमूने लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए भेजे गए हैं।
कान्हा डेयरी में मिलीं चौंकाने वाली गड़बड़ियां
पगारिया स्थित कान्हा दूध डेयरी के बीएमसी (बल्क मिल्क कूलर) पर संयुक्त दल ने दबिश दी, जहां भारी अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि डेयरी के पास बीएमसी संचालन का कोई वैध खाद्य अनुज्ञा पत्र नहीं था।
करीब 5000 लीटर क्षमता की टंकी में लगभग 250 लीटर दूध पाया गया। मौके पर मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से जांच करने पर दूध अवमानक मिला।

मिलावट के सामान भी बरामद
निरीक्षण के दौरान डेयरी से लगभग 15 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 12 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल, 3 किलो सोडियम बाइकार्बोनेट तथा चार खाली तेल के टिन बरामद किए गए। प्रथम दृष्टया स्पष्ट हुआ कि दूध में स्किम्ड मिल्क पाउडर और रिफाइंड सोयाबीन तेल की मिलावट कर, सोडियम बाइकार्बोनेट के जरिए उसकी शेल्फ लाइफ बढ़ाई जा रही थी।
बीएमसी सहित सामग्री सीज
सभी खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा मानक प्रयोगशाला, कोटा भेजे गए हैं। वैध अनुज्ञा पत्र नहीं मिलने पर स्किम्ड मिल्क पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल, सोडियम बाइकार्बोनेट, करीब 250 लीटर मिश्रित दूध और बीएमसी को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
ये रहे कार्रवाई में शामिल
इस संयुक्त कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.एस. गुर्जर, भूराराम गोदारा, आशीष रावत, मुकेश गोचर, कंप्यूटर ऑपरेटर दिलीप कुमार भील सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
त्योहारी सीजन में प्रशासन की इस सख्ती से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है, जबकि आमजन में राहत की भावना देखी जा रही है।

