र
भवानीमंडी। स्थानीय राजकीय बिड़ला महाविद्यालय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रथम इकाई के तत्वावधान में एक दिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मनीष गुप्ता ने की। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद प्रश्नोत्तरी’ (यंग लीडर्स डायलॉग क्वीज) में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) पोर्टल पर अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके साथ ही ‘विकसित भारत जन-सेवा अभियान’ के अंतर्गत “सेवा की कथा” विषय पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य श्री आयुष गुप्ता ने विद्यार्थियों को शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और लाभान्वित परिवारों की प्रेरणादायक गाथाएं साझा कीं।
‘सेवा प्रथम नवोन्मेष चुनौती’ की दी जानकारी
इकाई कार्यक्रम अधिकारी श्री ओम प्रकाश मेघवाल ने विद्यार्थियों को “सेवा प्रथम नवोन्मेष चुनौती” (Seva First Innovation Challenge) कार्यक्रम के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि खंड (ब्लॉक) स्तर पर विद्यार्थी नवोन्मेष के क्षेत्र में अपने नवीन विचार, दल का विवरण, संबंधित क्षेत्र व समस्या का विवरण निर्धारित पोर्टल [https://vbjsa.rajasthan.gov.in](https://vbjsa.rajasthan.gov.in) पर 1 अक्टूबर 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक प्रेषित कर सकते हैं।
शिविर के दौरान द्वितीय इकाई की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती राधा मीणा एवं संकाय सदस्य श्रीमती नेहा सैनी ने व्याख्यान प्रस्तुत कर छात्र-छात्राओं को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण हेतु प्रेरित किया।
परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान
सत्र के समापन अवसर पर स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उद्यानों में लगे वृक्ष-पौधों की साफ-सफाई कर श्रमदान किया।
