भ
भवानीमंडी (जगदीश पोरवाल)। भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा भवानीमंडी द्वारा ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के द्वितीय चरण का आयोजन सीताराम अग्रवाल धर्मशाला में किया गया। प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में बथेल माध्यमिक विद्यालय तथा कनिष्ठ वर्ग में सरस्वती बाल मंदिर (बाल निकेतन) विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शाखा सचिव संदीप राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रांतीय संयुक्त महासचिव कमल सुरेका, संरक्षक गोविंद भराड़िया, अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता सहित परिषद के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम् गायन के साथ किया। प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग की 17 तथा वरिष्ठ वर्ग की 8 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।
क्विज संचालक कमलेश गुप्ता दलाल ने विभिन्न चरणों में धर्म-संस्कृति, इतिहास, विज्ञान, अर्थव्यवस्था, भूगोल, खेलकूद एवं सामयिक ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे। वरिष्ठ वर्ग में बथेल माध्यमिक विद्यालय की देवस्मिता पाणिग्रही एवं नंदिनी सैनी प्रथम रहीं, जबकि संस्कार भारती निकेतन विद्यालय की गीतांजलि गुप्ता एवं विराट मौर्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार कनिष्ठ वर्ग में सरस्वती बाल मंदिर (बाल निकेतन) की अर्पिता परिहार एवं आर्या पांडे प्रथम तथा आदर्श विद्या मंदिर मिश्रोली की माही पाटीदार एवं प्रिया सिंघानिया द्वितीय रहीं।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों को परिषद पदाधिकारियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में परिषद सदस्य, विद्यालयों के शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
बूंदी में होगा अगला चरण
शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि द्वितीय चरण के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग की विजेता टीमें 4 अक्टूबर को बूंदी में आयोजित प्रांतीय प्रतियोगिता में भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा भवानीमंडी का प्रतिनिधित्व करेंगी।
