भैसोदामंडी ( जगदीश पोरवाल )
भैसोदामंडी थाना भानपुरा पुलिस ने मंगलवार को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सफलता हासिल करते हुए 12 लाख रुपये मूल्य की 120 ग्राम एम.डी. और 4 किलोग्राम 700 ग्राम डोडाचूरा जब्त कर एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है ,जबकि दो फरार है ।
मुखबिर की सूचना पर भैंसोदामंडी बस स्टैंड के पास कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना के निर्देशों तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) श्री रामस्नेही मिश्रा व एसडीओपी (गरोठ) श्री विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में भानपुरा थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनय बुंदेला और भैंसोदामंडी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेश यादव की टीम ने यह कार्रवाई की।
29 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भैंसोदामंडी बस स्टैंड आमरोड पर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी धीरप लाल मेहर (उम्र 23 वर्ष), निवासी सादरो का खेड़ा (थाना डग, जिला झालावाड़, राजस्थान) को पकड़ा गया।
बिना नंबर की बाइक और एंड्रॉइड फोन जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री जब्त की है:
एम.डी. (मादक पदार्थ): 120 ग्राम (कीमत लगभग ₹12,00,000)
डोडाचूरा: 04 किग्रा 700 ग्राम (कीमत ₹9,400)
वाहन: एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत ₹70,000)
मोबाइल: एक IQOO कंपनी का टच स्क्रीन एंड्रॉइड मोबाइल (कीमत ₹15,000)
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है।
दो अन्य आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि मामले में दो अन्य आरोपी—भेरूलाल पिता रामचंद्र मेहर निवासी नयाखेड़ा (थाना डग, झालावाड़, राजस्थान) और रोशन शर्मा निवासी उज्जैन (म.प्र.) फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उनि विनय बुंदेला, चौकी प्रभारी भैंसोदामंडी उनि धर्मेश यादव, उनि ओंकार सिंह ठाकुर एवं उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
